भारत से अहलेबैत समाचार एजेंसी (अबना) संवाददाता की रिपोर्ट के जन्नतुल बक़ीअ की शहादत के ख़िलाफ़ होने वाले विरोध प्रदर्शनों और विरोध सभाओं की तैयारी ज़ोरों पर है। शिया धर्म गुरू मौलाना कल्बे जवाद ने 4 सितम्बर को लखनऊ स्थित इमामबाड़ा सिब्तैनाबाद से एक एहतेजाजी मार्च निकालने की घोषणा की है जो सुबह ठीक 10 बजे इमामबाड़ा सिब्तैनाबाद से प्रारम्भ होकर हज़रतगंज से गुज़रता हुआ रौज़ए शाह नजफ़ में समाप्त होगा। वहीं कुछ दूसरे संगठन शहीद स्मारक पर धरना देंगे। विरोध प्रदर्शनों को सफल बनाने के लिए मौलाना कल्बे जवाद और अन्य संगठन शहर के विभिन्न भागों का दौरा कर जगह-जगह मीटिंग कर रहे हैं। मौलाना कल्बे जवाद की अध्यक्षता में विभिन्न विद्दानों और प्रतिष्ठित लोगों ने विरोध प्रदर्शनों को सफल बनाने और उसमें अधिक से अधिक लोगों के भाग लेने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों मुफ़्तीगंज, मुसाएबगंज, रईसमंज़िल, काज़मैन तथा दरगाह आदि का दौरा किया। मौलाना कल्बे जवाद ने नमाज़े जुमा के क़ुतबे में भी मोमिनीन से एहतेजाज में भाग लेने की अपील की। वहीं ज़रदोज़ एक्शन कमेटी की ओर से एक बैठक जन्नतुल बक़ी की शहादत के सिलसिले में, कमेटी के रुस्तम नगर स्थित कार्यालय पर सम्पन्न हुई जिसमें कमेटी के महासचिव ग़ुलाम अब्बास ने कहा कि सऊदी अरब सरकार जन्नतुल बक़ी का निर्माण तत्काल कराए या मुसलमानों को इस बात की अनुमति दे कि हम लोग मिलकर जन्नतुल बक़ी का निर्माण करा सकें। बैठक में इस मामले पर प्रधानमंत्री से सउदी अरब सरकार पर दबाव बनाने की मांग भी की गई।
समाचार समाप्त
..........
166